चंपावत: गुलदार ने किया पिता पर हमला तो जान की बाजी लगाकर भिड़ गई बेटी।

Share This Post

पिता की जिंदगी बचाने वाली ‘बहादुर बेटी’ किरण को डीएम ने किया सम्मानित, तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा पूरा सभागार।

चंपावत। सिमल्टा गांव में गुलदार के हमले के दौरान पिता की जान बचाने के लिए अपनी जिंदगी दांव पर लगाने वाली किरण देवी की बहादुरी को सोमवार को जिला प्रशासन ने सलाम किया। जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किरण देवी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, एपीडी बिम्मी जोशी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया। साहसी बेटी के सम्मान का यह पल ऐसा था कि पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बताया गया कि सिमल्टा गांव में गुलदार ने जब किरण देवी के पिता पर हमला किया तो मौके पर मौजूद बेटी ने बिना एक पल गंवाए हिम्मत दिखाई। खतरा सामने था, जान पर बनी थी, लेकिन बेटी पीछे नहीं हटी। पिता को बचाने के लिए किरण ने अदम्य साहस का परिचय दिया और उनकी जान बचाने में कामयाब रहीं। गुलदार के हमले के बीच बेटी की बहादुरी ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया और वह देखते ही देखते साहस की मिसाल बन गईं।
जनता मिलन कार्यक्रम में किरण को सम्मानित करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि किरण देवी ने जिस बहादुरी और साहस का परिचय दिया, वह असाधारण है। संकट की घड़ी में उन्होंने अपने पिता की रक्षा के लिए जिस तरह हिम्मत दिखाई, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है। ऐसी साहसी बेटियां समाज का गौरव हैं और उनके जज्बे को सम्मान मिलना बेहद जरूरी है।
किरण देवी के सम्मान के दौरान सभागार में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। गुलदार के हमले के बीच पिता के लिए ढाल बनकर खड़ी हुई बेटी की यह बहादुरी अब पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है। किरण ने साबित कर दिया कि जब अपनों पर संकट आता है तो एक बेटी भी चट्टान बनकर सामने खड़ी हो सकती है।

फोटो_ गुलदार के हमले के दौरान अपने पिता की जान बचाने वाली साहसी बेटी किरण देवी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते जिलाधिकारी मनीष कुमार साथ में एपीडी बिम्मी जोशी।


Share This Post