टूटी परंपरा फिर जुड़ी 4 से 13 मई तक गौरल मैदान में संस्कृति, व्यापार और स्टार नाइट्स का संगम।
चंपावत। कुमाऊं की सुकुमार नगरी चंपावत एक बार फिर आस्था, संस्कृति और उत्सव के रंगों में रंगने जा रही है। तीन साल बाद लौट रहे गोलज्यू महोत्सव को लेकर पूरे नगर में जबरदस्त उत्साह है। बीच में महोत्सव की श्रृंखला टूटने से निराश लोगों की भावनाओं को समझते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से विचार-विमर्श कर इस बार महोत्सव को भव्य रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया है। 4 से 13 मई तक चलने वाला यह 10 दिवसीय महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा। महोत्सव का शुभारंभ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 4 मई को भव्य समारोह के साथ करेंगे।
महोत्सव के दौरान ऐतिहासिक गौरल मैदान पूरी तरह गुलजार रहेगा। दिन में व्यापारिक गतिविधियां, मेले और झूले लोगों को आकर्षित करेंगे, तो शाम होते ही मंच पर सांस्कृतिक रंग बिखरेंगे। प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाएगा, जिससे लोक कला और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, जबकि रात 8 बजे से आधी रात तक स्टार नाइट में देशभर के नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधेंगे।
उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से व्यापारी यहां पहुंच रहे हैं, जो फैंसी और आकर्षक सामान के साथ बाजार को जीवंत बनाएंगे। इससे स्थानीय व्यापार को भी जबरदस्त बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो आयोजन की धार्मिक गरिमा को और बढ़ाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी भी जोरों पर है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने बताया कि यह महोत्सव पूरी तरह से जनसहयोग से आयोजित किया जा रहा है और नगरवासी बढ़-चढ़कर इसमें भागीदारी कर रहे हैं, जिससे आयोजन और भी भव्य बन रहा है।
फोटो – नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय
चंपावत: गोलज्यू महोत्सव की वापसी: 10 दिन तक सजेगा चंपावत, सीएम धामी करेंगे भव्य शुभारंभ

