चंपावत। परम पूज्यनीय गुरुदेव आशुतोष महाराज की असीम कृपा से गत 2 अगस्त को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर तिवारी होटल में विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु पूजन किया और गुरुदेव के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद गुरु वंदना, भजन-कीर्तन और सत्संग का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि शिष्य के जीवन को नई दिशा भी प्रदान करते हैं। गुरु अपने ज्ञान, अनुभव और आशीर्वाद से शिष्य के जीवन को प्रकाशित करते हुए उसे सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा गया कि मनुष्य का जीवन अमावस्या की घोर अंधेरी रात के समान होता है, जबकि गुरु पूर्णिमा का चंद्रमा बनकर गुरु शिष्य के जीवन को ज्ञान के प्रकाश से आलोकित कर देते हैं। इस अवसर पर संत कबीरदास के प्रसिद्ध दोहे, “गुरु गोविंद दोउ खड़े, काके लागूँ पाय, बलिहारी गुरु आपने, जिन गोविंद दियो मिलाय” का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं को गुरु के महत्व से अवगत कराया गया।
प्रवचन के दौरान बताया गया कि गुरु का सान्निध्य मनुष्य के जीवन में नई चेतना, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। साथ ही यह भी कहा गया कि गुरु ही वह शक्ति हैं, जो मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाती है।
कार्यक्रम का समापन मंगल आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शंकर दत्त पांडेय, भाजपा जिला महामंत्री एवं व्यापार मंडल चंपावत के अध्यक्ष कमलेश राय, वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र गहतोड़ी, श्याम कार्की, नितीश राय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

