चंपावत। पहाड़ की मिट्टी से निकला एक और लाल अब देश की रक्षा की जिम्मेदारी संभालने जा रहा है। कहते हैं ना जब हौसले बड़े हों तो हालात छोटे पड़ जाते हैं। इसी को सच कर दिखाया है चंपावत के गौरव जोशी ने। कलेक्ट्रेट रोड, डड़ा बिष्ट निवासी 21 वर्षीय गौरव ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा में ऑल इंडिया 114वीं रैंक हासिल कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने की राह तय कर ली है।
गौरव की इस शानदार उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार खुद उनके घर पहुंचे और उन्हें व उनके परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। डीएम ने इसे पूरे जनपद के लिए गर्व का क्षण बताया।
गौरव जोशी मूल रूप से ग्राम बाराबाटी, नरियाल गांव के निवासी हैं। उनके पिता नारायण दत्त जोशी लोहाघाट में व्यवसाय करते हैं, जबकि माता मीना जोशी आंगनबाड़ी कार्यकर्ती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद गौरव ने अपने लक्ष्य को कभी नहीं छोड़ा और निरंतर मेहनत जारी रखी।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, चंपावत से प्राप्त की। वर्तमान में वे सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, चंपावत परिसर से स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र हैं। पहले एनडीए में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और उसी असफलता को अपनी ताकत बनाकर आगे बढ़े। गौरव का चयन भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के लिए हुआ है, जहां प्रशिक्षण के बाद वे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि गौरव की यह सफलता साबित करती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और कठिन परिश्रम से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
गौरव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन ने ही उन्हें यहां तक पहुंचाया।
फोटो_ गौरव जोशी को उनके आवास पर सम्मानित करते डीएम मनीष कुमार।
चंपावत के गौरव ने CDS में मारी बाजी, 114वीं रैंक से सेना में अफसर बनने का रास्ता साफ।
