हरिद्वार: पुष्पवर्षा से हुआ शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत, हरिद्वार में मुख्यमंत्री धामी ने बढ़ाया श्रद्धालुओं का उत्साह।

Share This Post

कांवड़ स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ,श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- धामी।

हरिद्वार। सावन मास के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। कांवड़ मेले के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेने आए शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांवड़ स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है और राज्य सरकार कांवड़ियों की सुविधा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हरिद्वार में इन दिनों ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण शिवमय बना हुआ है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा से पवित्र जल भर रहे हैं। कांवड़ मार्गों पर श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, स्वच्छता, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार कांवड़ मार्गों पर निगरानी बनाए हुए हैं।

फोटो_ हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिवभक्त कांवड़ियों के चरण धोकर किया सम्मान, सेवा और श्रद्धा का दिया संदेश।


Share This Post