

मोरनौला में वन-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 13 लाख का लीसा बरामद; चालक हिरासत में।
देवीधुरा। मोरनौला में चेकिंग के दौरान रुकने के बजाय भागा लीसे से भरा कैंटर कुछ दूर जाकर नाली में फंस गया। इसके बाद वन विभाग और पुलिस की टीम ने कैंटर को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो करीब 13 लाख रुपये कीमत का लीसा बरामद हुआ। चालक लीसे से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। मामले में चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
मोरनौला में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यूके 04-सीवी-1569 नंबर के कैंटर को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। टीम ने पीछा किया तो कैंटर कुछ दूरी पर सड़क किनारे नाली में जा फंसा।
कैंटर फंसने के बाद वनकर्मियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे कब्जे में लिया। वाहन को नाली से बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। तलाशी लेने पर कैंटर में बड़ी मात्रा में लीसा भरा मिला। मामले की सूचना देवीधुरा के वन क्षेत्राधिकारी दीप जोशी को दी गई।
पूछताछ में कैंटर में मौजूद व्यक्ति ने खुद को यात्री बताया, लेकिन उसकी जेब से चालक का लाइसेंस मिलने के बाद उसकी बात पर संदेह हुआ। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। उसकी पहचान बलवंत सिंह के रूप में हुई है।
मौके पर अल्मोड़ा सिविल सोयम वन प्रभाग, लमगड़ा, जागेश्वर और उत्तरी गोला के वन अधिकारी भी पहुंचे। घटनास्थल जागेश्वर रेंज के अंतर्गत होने के कारण बरामद लीसा, कैंटर और चालक को जागेश्वर वन क्षेत्राधिकारी राजेश जोशी के सुपुर्द कर दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी दीप जोशी ने बताया कि चालक लीसे से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। ऐसे में लीसा अवैध रूप से ले जाए जाने और चोरी का होने की आशंका है। मामले की जांच जागेश्वर रेंज स्तर से की जा रही है।
डीएफओ धेनु पुरुषोत्तम ने कार्रवाई में शामिल वन एवं पुलिस कर्मियों की सतर्कता की सराहना की।
फोटो_ मोरनौला में बरामद लीसे से भरा कैंटर।




