दूरदराज गांवों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं मौके पर सुनीं, कई मामलों का तत्काल निस्तारण; अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के कड़े निर्देश।
चंपावत। जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार एक बार फिर बेहद सक्रिय और संवेदनशील नजर आए। जिला सभागार में आयोजित “जनता मिलन कार्यक्रम” में जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिन पर डीएम ने गंभीरता दिखाते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया और शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कुल 106 शिकायतें दर्ज की गईं। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी का फोकस सिर्फ शिकायत सुनने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने हर मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की।
गोली क्षेत्र से आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल समस्या की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता जांचने और विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कोठेरा, बाराकोट निवासी पार्वती रावत ने अपने दिव्यांग पुत्र शिवांक के उपचार और आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को जिला अस्पताल स्थित डीडीआरसी में तत्काल थेरेपी सेशन शुरू कराने, बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा शिवांक की शिक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जैगांव-जैतौली निवासी धर्मानंद द्वारा पीएमजीएसवाई के अंतर्गत मुआवजा न मिलने की शिकायत पर डीएम ने अधिशासी अभियंता को उसी दिन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं खड़ी बाजार निवासी अनिता सार्की की विवाह पंजीकरण संबंधी समस्या का समाधान करते हुए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को यूसीसी के तहत पंजीकरण कराने को कहा गया।
हाल ही में हुई ओलावृष्टि से बागानों को नुकसान झेल रहे ढरोज निवासी प्रकाश चंद्र की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी और मुख्य कृषि अधिकारी को उपजिलाधिकारी के साथ संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र क्षति आकलन एवं मुआवजा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
दयुरी निवासी नारायण सिंह द्वारा कान की मशीन की मांग रखने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं बारसी और बढ़पास क्षेत्र के ग्राम प्रधानों द्वारा हैंडपंप स्थापना की मांग पर जल संस्थान और विकास विभाग को प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
पेयजल समस्या, विद्युत कनेक्शन, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नाली निर्माण, मलबा प्रबंधन तथा फसलों को जंगली जानवरों से बचाने जैसे मुद्दों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम किसकोट निवासी बलदेव सिंह द्वारा पोल्ट्री व्यवसाय के विपणन में आ रही परेशानियों को उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने नगर के थोक विक्रेताओं और आईटीबीपी के साथ समन्वय बनाकर बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने साफ कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मोहित मल्ली, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।
फोटो – जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: जनता दरबार में गूंजा आमजन का भरोसा, डीएम मनीष कुमार ने 106 शिकायतों पर दिखाई सख्ती और संवेदनशीलता।

