

देहरादून में वार्ता बेनतीजा, विशेष श्रेणी और संविदा कर्मियों ने ठप किया काम; नियमित कर्मचारियों के भरोसे बसों का संचालन
लोहाघाट। तीन महीने से वेतन का इंतजार, समान काम के बदले समान वेतन की मांग और लगातार अनदेखी से नाराज रोडवेज कर्मचारियों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। देहरादून में रोडवेज प्रशासन के साथ हुई वार्ता विफल होने के बाद कर्मचारी यूनियन ने शुक्रवार से बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी। विशेष श्रेणी और संविदा कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।
रोडवेज कर्मचारी यूनियन के शाखा अध्यक्ष महिपाल सिंह और शाखा मंत्री संतोष कुमार ने बताया कि देहरादून में प्रशासन के साथ हुई वार्ता में मांगों पर कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद सभी विशेष श्रेणी और संविदा कर्मचारियों ने हड़ताल का रास्ता अपनाया। फिलहाल नियमित कर्मचारी बसों का संचालन कर रहे हैं, जिससे परिवहन सेवाएं जारी हैं।
ये हैं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें_
कर्मचारी समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने, तीन माह से लंबित वेतन का भुगतान करने, डिपो में बसों की संख्या बढ़ाने और कार्यशाला में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा कई कर्मचारियों के वेतन में की गई कटौती को लेकर भी भारी नाराजगी है।
कर्मचारियों का कहना है कि उनसे नियमित कर्मचारियों की तरह काम लिया जा रहा है, लेकिन वेतन और सुविधाओं के मामले में भेदभाव किया जा रहा है। तीन माह से वेतन नहीं मिलने के बावजूद काम करने को मजबूर कर्मचारियों के सामने परिवार का भरण-पोषण करना भी चुनौती बन गया है। उनका साफ कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, बेमियादी हड़ताल जारी रहेगी।
फोटो_ लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी जताते रोडवेज के संविदा कर्मचारी।




