चंपावत: दूध के दाम नहीं बढ़े तो 25 नवंबर को सड़कों पर उतरेंगे दुग्ध उत्पादक।

Share This Post

पशु आहार महंगा, दूध का मूल्य कम; अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम, जिलेभर में आंदोलन की चेतावनी

देवीधुरा/चंपावत। दूध उत्पादन की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन दुग्ध उत्पादकों को दूध का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। महंगे पशु आहार और कम दुग्ध मूल्य से परेशान पशुपालकों का गुस्सा अब आंदोलन की ओर बढ़ रहा है। दुग्ध मूल्य बढ़ाने, पशु आहार पर सब्सिडी देने और दुग्ध समिति सचिवों का मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर 25 नवंबर को जिलेभर में आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

कोट भैंसक (देवीधुरा) दुग्ध समिति में आंचल दुग्ध संघ के अधिकारियों और सचिव संगठन के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। अधिकारियों के अनुरोध पर फिलहाल आंदोलन टालने पर सहमति बनी, लेकिन संगठन ने मांगों पर निर्णय लेने के लिए शासन और दुग्ध संघ को सिर्फ दो दिन का समय दिया है।

बैठक में जिला आंचल दुग्ध संघ के प्रबंधक हरीश बोरा, पूर्व प्रबंधक जीएस राणा, बृजेश बगोली, सुरेश जोशी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने 25 नवंबर को प्रस्तावित आंदोलन स्थगित करने की अपील की। इस पर सचिव संगठन ने साफ कहा कि अब खोखले आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। पशुपालकों को राहत देने के लिए ठोस निर्णय लेना होगा।

संगठन ने तीन प्रमुख मांगें उठाईं। इनमें दूध का खरीद मूल्य तत्काल बढ़ाने, पशु आहार पर सब्सिडी देने और दुग्ध समिति सचिवों के मानदेय में वृद्धि करने की मांग शामिल है। इन मांगों को लेकर मुख्य सचिव, दुग्ध एवं डेयरी और पशुपालन विभाग के सचिव, मुख्यमंत्री तथा पशुपालन मंत्री को भी पत्र भेजा जा रहा है।

सचिव संगठन के प्रतिनिधि रघुबर मुरारी, दीपक सुतेड़ी, मदन उपाध्याय, मोहन चौबे, राजेश बिष्ट, भास्कर बिष्ट और सोबन चमियाल ने कहा कि पशुपालक दिन-रात मेहनत कर दूध उत्पादन कर रहे हैं, लेकिन महंगे पशु आहार और बढ़ती लागत के बीच उन्हें उचित कीमत नहीं मिल रही है। ऐसे में पशुपालन घाटे का सौदा बनता जा रहा है और परिवारों का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।

संगठन ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर
मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 25 नवंबर को जिलेभर के दुग्ध उत्पादक आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरेंगे। अब देखना होगा कि शासन और दुग्ध संघ दो दिन के भीतर पशुपालकों को राहत देते हैं या फिर उनका आक्रोश जिलेव्यापी आंदोलन का रूप लेगा।

फोटो_कोट भैंसक दुग्ध समिति में मांगों को लेकर बैठक करते दुग्ध उत्पादक और आंचल दुग्ध संघ के अधिकारी।


Share This Post