

150 पशुपालकों ने भरी हुंकार, गाय का दूध 61 और भैंस का 71 रुपये प्रति किलो करने समेत चार मांगों पर आंदोलन का ऐलान
चंपावत। दूध उत्पादन की बढ़ती लागत और कम खरीद मूल्य से परेशान पशुपालकों का आक्रोश अब सड़क पर उतरने जा रहा है। रविवार को लोहाघाट के सुई स्थित आदित्य महादेव मंदिर में गौपालक-पशुपालक संघर्ष समिति की बैठक में जिलेभर से पहुंचे करीब 150 पशुपालकों ने 25 नवंबर को आँचल दुग्ध संघ चंपावत में तालाबंदी का ऐलान किया। बैठक में महिलाओं और बुजुर्गों ने भी अपनी पीड़ा रखते हुए दो टूक कहा कि अब आश्वासन नहीं, मांगों पर ठोस फैसला चाहिए।
पशुपालकों का कहना है कि चारा, पशु आहार, साइलेज और दवाइयों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन दूध का खरीद मूल्य लागत के अनुरूप नहीं है। सुबह से देर शाम तक पशुपालन में जुटे परिवारों के सामने अब इस व्यवसाय को जारी रखना मुश्किल होता जा रहा है। उनका कहना है कि यही हाल रहा तो पहाड़ में पारंपरिक पशुपालन व्यवस्था पर संकट गहरा जाएगा।

संघर्ष समिति ने चार प्रमुख मांगें उठाई हैं। इनमें गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपये और भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति किलो निर्धारित करना, पशु आहार व साइलेज पर 75 प्रतिशत सब्सिडी देना तथा वर्तमान में मिल रही 50 पैसे प्रति किलो प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर दो रुपये करना शामिल है।
बैठक में हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए पशुपालकों ने सवाल उठाया कि जब वहां दूध का बेहतर मूल्य दिया जा सकता है तो उत्तराखंड के पशुपालकों को उनकी मेहनत का उचित दाम क्यों नहीं मिल रहा? समिति ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि पशुपालकों की आजीविका और अधिकारों के लिए है।
समिति ने 25 नवंबर को आँचल दुग्ध संघ चंपावत में शांतिपूर्ण तालाबंदी करने का निर्णय लेते हुए जिलेभर के पशुपालकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। अब निगाहें सरकार और दुग्ध संघ प्रबंधन पर टिकी हैं। देखना होगा कि तालाबंदी से पहले मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय लिया जाता है या फिर दूध के दाम को लेकर पशुपालकों का आंदोलन और तेज होगा।
फोटो_ बैठक में आंदोलन की रणनीति बनाते पशुपालक।



