एसओजी, बनबसा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई—कार से नकदी और स्मैक बरामद, लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय था आरोपी
चंपावत/बनबसा। जनपद में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सूरज कश्यप उर्फ ‘ड्रामा’ को उसकी पत्नी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई रेखा यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे सख्त अभियान का हिस्सा है, जिसमें नशा तस्करों के खिलाफ लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। दिनांक 10 अप्रैल 2026 को क्षेत्राधिकारी टनकपुर विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में एसओजी, थाना बनबसा पुलिस और एसएसबी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पंपापुर (थाना बनबसा) क्षेत्र में गाड़ीगोठ मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान UK03 TA 2607 (आर्टिका) कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन सवार आरोपी और उसकी पत्नी के कब्जे से 45 ग्राम अवैध स्मैक और ₹50,700 नगद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी सूरज कश्यप उर्फ ‘ड्रामा’ बनबसा थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पहले से ही करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से नशा तस्करी के धंधे में लिप्त था और क्षेत्र में सक्रिय नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि नशा मुक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 या नजदीकी थाना/चौकी में दें।
फोटो – बनबसा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बरामद स्मैक, नकदी और वाहन के साथ गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर सूरज कश्यप उर्फ ‘ड्रामा’ व उसकी पत्नी पुलिस गिरफ्त में।
चंपावत: पुलिस का बड़ा वार: हिस्ट्रीशीटर सूरज ‘ड्रामा’ पत्नी संग 45 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार।
