लोहाघाट। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल 28 और 29 जून को दो दिवसीय जनपद चंपावत दौरे पर रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला चंपावत दौरा होगा, जिसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके स्वागत की तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।
क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने बताया कि 28 जून को गणेश गोदियाल सबसे पहले टनकपुर पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और आम जनता से भी संवाद करेंगे। इसके बाद वे चंपावत पहुंचेंगे, जहां जनसंपर्क के साथ एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। देर शाम वे रात्रि विश्राम के लिए लोहाघाट पहुंचेंगे।
29 जून को लोहाघाट के रामलीला मैदान में कांग्रेस की विशाल कार्यकर्ता रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करेंगे। उनके स्वागत में मीना बाजार चौराहे से रामलीला मैदान तक भव्य बाइक रैली और जुलूस निकाला जाएगा।
विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 4 बजे गणेश गोदियाल पिथौरागढ़ के लिए रवाना होंगे। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायक हरीश धामी तथा मयूख महर सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी स्वयं प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रमों की तैयारियों का नेतृत्व कर रहे हैं।
फोटो_प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल।
चंपावत: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का 28-29 जून को चंपावत दौरा, लोहाघाट में होगी विशाल रैली।
