चंपावत: बच्चों में निमोनिया का खतरा टालने को स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया ‘सांस’ अभियान।

Share This Post

सीएमओ ने किया पोस्टर विमोचन, बोले- तेज सांस और सीने का धंसना दिखे तो तुरंत कराएं इलाज।

चंपावत। बच्चों को निमोनिया के जानलेवा खतरे से बचाने और बीमारी की समय पर पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में ‘सांस’ जागरूकता अभियान शुरू किया है। गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने अभियान के पोस्टर का विमोचन किया। इसके माध्यम से अभिभावकों को बच्चों में निमोनिया के लक्षण पहचानने और समय पर उपचार कराने के लिए जागरूक किया जाएगा।

सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि निमोनिया बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती है। तेज सांस चलना, सांस लेने में परेशानी, सीने का धंसना और लगातार खांसी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। बच्चे को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान और उपचार से बच्चों को गंभीर स्थिति में पहुंचने से बचाया जा सकता है।

एनएचएम के जिला कार्यक्रम प्रबंधक गौरव पाण्डेय ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि ब्लॉक स्तर के स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से गांव-गांव तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, सीएचओ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को भी अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इन्द्रजीत पाण्डेय सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

फोटो_‘सांस’ अभियान की जानकारी देते सीएमओ डॉ. देवेश चौहान।


Share This Post