97.84% अंकों के साथ चंपावत का बढ़ाया मान, डीएम बोले— जिले की प्रतिभा का होगा सम्मान
लोहाघाट। सीमांत जनपद चंपावत की प्रतिभाशाली छात्रा आद्या उपाध्याय ने देश की दो सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं NEET-UG और JEE-Main में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। 12वीं बोर्ड परीक्षा में 97.84 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली आद्या की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि सीमांत के पहाड़ों की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
आद्या राजकीय इंटर कॉलेज पुलहिंडोला के प्रवक्ता आर.पी. उपाध्याय तथा राजकीय इंटर कॉलेज कर्णकरायत की गणित प्रवक्ता विनीता उपाध्याय की पुत्री हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा होली विजडम पब्लिक स्कूल, लोहाघाट से प्राप्त की। इसके बाद शोर वैली पब्लिक स्कूल, पिथौरागढ़ से हाईस्कूल और नारायणा ई-टेक्नो स्कूल, जयपुर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। बचपन से ही मेधावी रहीं आद्या ने अनुशासित तैयारी, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
आद्या का परिवार शिक्षा और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए जाना जाता है। उनके बड़े भाई प्रखर उपाध्याय ने इसी वर्ष आईआईटी कानपुर से बीटेक की पढ़ाई पूरी करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डॉ. प्रतीक मिश्रा मेमोरियल गोल्ड मेडल-2026 प्राप्त किया है। परिवार की इस शैक्षणिक उपलब्धि ने क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक नई प्रेरणा प्रस्तुत की है।
अपनी सफलता पर आद्या ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और बड़े भाई को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है। भविष्य में वह सिविल सेवा के माध्यम से भी देश और समाज के लिए योगदान देना चाहती हैं।
आद्या की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सीईओ एवं महासचिव डॉ. रंजीत मेहता, जिलाधिकारी मनीष कुमार, राजकीय शिक्षक संघ तथा विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि आद्या उपाध्याय की सफलता पूरे चंपावत के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन आद्या, उनके भाई प्रखर उपाध्याय तथा उनके माता-पिता को सम्मानित करेगा, ताकि जिले के अन्य छात्र-छात्राएं भी उनसे प्रेरणा लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
फोटो_ मेधावी छात्रा आद्या उपाध्याय।
