

बाल विवाह की भनक लगते ही प्रशासन और पुलिस को दें सूचना, समय रहते होगी कार्रवाई।
चंपावत। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाने के लिए जिले में जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बाल विवाह मुक्त भारत एवं बाल संरक्षण अभियान के तहत जागरूकता वाहन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने बाल संरक्षण के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लेकर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया।

बाल विकास विभाग और इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डेवलपमेंट की संयुक्त पहल पर रवाना किया गया यह वाहन जिले के सभी विकासखंडों के गांवों तक पहुंचेगा। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों और बाल विवाह की रोकथाम में समाज की भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। इसे रोकने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं भी बाल विवाह की तैयारी या आशंका की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते इसे रोका जा सके।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य को प्राथमिकता देने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
संस्था के प्रतिनिधि रमित श्रीवास्तव ने बताया कि इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डेवलपमेंट, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से चंपावत, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में बाल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। अभियान के दौरान गांवों में लोगों को बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक करने के साथ उनकी जिम्मेदारी भी बताई जाएगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी मोहन बिष्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो_जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।






