

तीन दिवसीय विशेष अभियान के बाद शुरू होगा सत्यापन, छूटे पात्र मतदाताओं और नए वोटरों के पंजीकरण पर रहेगा जोर
चंपावत। मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए निर्वाचन विभाग ने कवायद तेज कर दी है। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8 से 10 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। अभियान के तहत सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों की पहचान की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद छूटे पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए यह पहल की गई है। बीएलओ पुरानी और वर्तमान निर्वाचक नामावलियों का मिलान कर आवश्यक जानकारी जुटा रहे हैं।
विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्रों पर नागरिकों को पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को भी सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि घर-घर सत्यापन के दौरान छूटे पात्र नागरिकों का ब्योरा जुटाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
फोटो_जिलाधिकारी मनीष कुमार।




