चंपावत: मां के हुनर को बनाया रोजगार, ऐपण कला से दिल्ली तक पहुंची रमक की उमा।

Share This Post

दिल्ली क्राफ्ट काउंसिल के पुरस्कार के लिए चयन, 21 नवंबर को होगा सम्मान; ऑनलाइन बिक्री से चला रहीं पढ़ाई का खर्च

देवीधुरा। पहाड़ की पारंपरिक कला को नई पहचान देने में जुटी रमक गांव की बेटी उमा जोशी ने अपनी मेहनत और हुनर से सफलता की नई कहानी लिखी है। मां से सीखी ऐपण कला के दम पर उन्होंने न केवल अपनी अलग पहचान बनाई, बल्कि इसे कमाई का जरिया बनाकर आत्मनिर्भरता की मिसाल भी पेश की है। उनकी कलाकृतियों का चयन दिल्ली क्राफ्ट काउंसिल के पुरस्कार के लिए हुआ है। 21 नवंबर को उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

आदर्श राजकीय महाविद्यालय देवीधुरा में तृतीय वर्ष की छात्रा उमा को पुरस्कार के तहत 18 माह तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। उन्होंने ऐपण कला का हुनर अपनी मां विमला जोशी से सीखा। बचपन के शौक को उन्होंने अपनी मेहनत से व्यवसाय का रूप दिया। आज वह थाली, लोटा, कटोरा, गिलास, फोटो फ्रेम और नेम प्लेट पर आकर्षक ऐपण डिजाइन तैयार कर रही हैं। उनकी कलाकृतियां ऑनलाइन बिक रही हैं और इससे होने वाली आमदनी से वह अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठा रही हैं।

वर्तमान में परिवार के साथ बाराहीधाम में रह रहीं उमा का कहना है कि हर छात्रा को पढ़ाई के साथ कोई हुनर जरूर सीखना चाहिए। इससे आर्थिक आत्मनिर्भरता का रास्ता खुलता है। वह अन्य बालिकाओं को भी ऐपण कला अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
श्री बाराही मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं रेलवे कॉरिडोर के पूर्व महानिदेशक हीरा बल्लभ जोशी उमा के प्रयासों को लगातार प्रोत्साहित कर रहे हैं।

फोटो_ अपनी ऐपण कलाकृतियों के साथ उमा जोशी।


Share This Post