

अल्मोड़ा में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में चंपावत के साहित्यकारों ने भी की भागीदारी, मातृभाषा के संरक्षण पर उठी आवाज
अल्मोड़ा/चंपावत। चंपावत के साहित्यकार जनार्दन चिलकोटी को कुमाउनी भाषा और साहित्य में योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘जमुना देवी खनी स्मृति कुमाउनी संस्मरण लेखन पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। अल्मोड़ा में 14 और 15 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से जिले के साहित्यिक जगत में खुशी है।
सम्मेलन में चंपावत से कवि एवं साहित्यकार भूपेंद्र देव ‘ताऊ’, प्रकाश जोशी ‘शूल’ और युवा कवि नितिन देव ने भी प्रतिभाग किया। सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में कुमाउनी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि कुमाउनी भाषा पहाड़ की लोकसंस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों और ऐतिहासिक विरासत की पहचान है। नई पीढ़ी को मातृभाषा से जोड़ने के लिए घरों से लेकर विद्यालयों तक इसके प्रयोग को बढ़ावा देना जरूरी है।
सम्मेलन में 16 नवंबर से शुरू हुई स्वगणना प्रक्रिया में कुमाउनी भाषियों से अपनी मातृभाषा के रूप में ‘कुमाउनी’ दर्ज कराने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि भाषा का सही अभिलेखीकरण उसके संरक्षण और संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में विधायक मनोज तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, प्रो. अशोक कुमार पंत, पूर्व कुलपति नरेंद्र सिंह भंडारी, डॉ. हयात सिंह रावत सहित अनेक विद्वान, कवि और साहित्यकार मौजूद रहे।
सम्मेलन में कुमाउनी भाषा को साहित्यिक आयोजनों से आगे बढ़ाकर शिक्षा, लेखन और डिजिटल माध्यमों में भी स्थापित करने पर जोर दिया गया। जनार्दन चिलकोटी को मिले सम्मान को चंपावत के साहित्यिक क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
फोटो_ जनार्दन चिलकोटी को कुमाउनी संस्मरण लेखन पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित करते अतिथि।




