चंपावत: मुकेश महराना बने चाय विकास सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष, राज्य मंत्री का दर्जा।

Share This Post

जमीनी नेता को बड़ी जिम्मेदारी, 2027 से पहले चंपावत में मजबूत किए जा रहे समीकरण।

चंपावत।उत्तराखंड की राजनीति में एक अहम कदम उठाते हुए सरकार ने भाजपा के वरिष्ठ और जमीनी नेता मुकेश महराना को “चाय विकास सलाहकार परिषद” का उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) नियुक्त किया है। सचिव शैलेश बगौली द्वारा जारी आदेश के बाद यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस फैसले को सियासी नजरिए से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुकेश महराना लंबे समय से भाजपा संगठन के मजबूत स्तंभ के रूप में सक्रिय रहे हैं। छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले महराना चंपावत पीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे हैं। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य जैसे अहम पदों पर रहकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया और क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
चंपावत में उनकी पकड़ और जनसंपर्क क्षमता उन्हें पार्टी का भरोसेमंद चेहरा बनाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती के चलते उन्हें मुख्यमंत्री के उपचुनाव के दौरान भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। उस दौरान उनकी भूमिका को संगठन के भीतर काफी सराहा गया था।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह नियुक्ति केवल सम्मान नहीं बल्कि एक रणनीतिक संदेश भी है। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा नेतृत्व जमीनी स्तर पर मजबूत और प्रभावशाली नेताओं को आगे बढ़ाने की नीति पर काम कर रहा है। ऐसे में मुकेश महराना को राज्य मंत्री का दर्जा देकर पार्टी ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का प्रयास किया है।
इसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सटीक और दूरदर्शी फैसला माना जा रहा है, जिससे न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी बल्कि चंपावत जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में राजनीतिक संतुलन भी बेहतर होगा।
इस घोषणा के बाद पूरे क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह निर्णय पार्टी के समर्पित और मेहनती कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक है और इससे संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी।

फोटो_ मुकेश महराना।


Share This Post