35 हजार तक श्रद्धालुओं ने किए मां पूर्णागिरि के दर्शन, टैंकरों से की गई जल आपूर्ति, सीसीटीवी से रखी जा रही कड़ी निगरानी।
टनकपुर/चंपावत। पूर्णागिरि मेले में इन दिनों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता जा रहा है। बुधवार को भी करीब 30 से 35 हजार तीर्थ यात्रियों ने मां पूर्णागिरि के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे मेला क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। सुबह के समय अचानक जंगल क्षेत्र में हाथियों द्वारा जल संस्थान की पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिए जाने से जिला प्रशासन की चिंता बढ़ गई।

पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टैंकरों के माध्यम से पानी की व्यवस्था करवाई। इस दौरान तीर्थ यात्रियों ने भी सहयोग कर व्यवस्था को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। बाद में प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराया गया, जिससे पाइपलाइन दोबारा सुचारू हो गई और श्रद्धालुओं को राहत मिली।

मेले में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ठुलीगाड़ बसेरे में यात्रियों के ठहरने की उचित व्यवस्था की गई है, वहीं विभिन्न स्थानों पर चल रहे भंडारों से भी यात्रियों को भोजन की सुविधा मिल रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। मेला मजिस्ट्रेट के अनुसार, मेला अपनी पूर्ण गरिमा और भव्यता के साथ संचालित हो रहा है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जा रही है।
