45वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली अदिति को मिलेगा सम्मान, जिले में युवाओं के लिए नए अवसर सृजन पर जोर।
चंपावत। मॉडल जनपद चंपावत में उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार लगातार प्रयासरत हैं। उनके इसी विज़न के तहत लोहाघाट की होनहार बेटी अदिति पुनेठा, जिन्होंने यूपी पीसीएस परीक्षा में 45वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। अदिति पुनेठा के पिता दीपक पुनेठा बागेश्वर में भारतीय जीवन बीमा निगम में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनका परिवार लोहाघाट के ठाडाढुंगा मोहल्ले में निवास करता है। अदिति के गृह आगमन के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार उन्हें अपने कार्यालय में सम्मानित करेंगे। जिलाधिकारी का मानना है कि चंपावत जैसे मॉडल जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी बच्चों में आगे बढ़ने की अद्भुत लगन और जज़्बा देखने को मिलता है।
उन्होंने स्वयं सरकारी स्कूलों से शिक्षा प्राप्त कर भी यूपीएससी की सभी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर सफलता हासिल कर इस मुकाम में पहुंचे हैं। उनका कहना है कि छात्र-छात्राएं भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। डीएम मनीष कुमार की इच्छा है कि वे जिले के प्रतियोगी छात्रों को स्वयं मार्गदर्शन दें, लेकिन जनमिलन कार्यक्रम, आम जनता की समस्याओं के समाधान और लगातार 15 घंटे की कार्यशैली के चलते उन्हें समय निकालना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। इसके बावजूद वे युवाओं के लिए जिले में ही बेहतर कोचिंग और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि उन्हें बाहर न जाना पड़े। जिलाधिकारी ने यह भी स्वीकार किया कि वे व्यक्तिगत रूप से छात्रों को समय न दे पाने का उन्हें मलाल हैं, लेकिन उनकी प्राथमिकता जिले के हर युवा तक सुविधाएं पहुंचाना है, जिससे वे अपने सपनों को यहीं से साकार कर सकें।
फोटो – जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत में प्रतिभाओं को उड़ान: डीएम मनीष कुमार करेंगे यूपी पीसीएस में चयनित अदिति पुनेठा का सम्मान।
