तड़के 3 बजे लगी आग, कारण अज्ञात; प्रशासन मौके पर पहुंचा, परिवार को तत्काल राहत और सहायता का आश्वासन।
लोहाघाट। जिले के पाटी ब्लॉक में नैनीताल सीमा से लगे वालिक गांव में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक आवासीय मकान में अचानक लगी भीषण आग ने 46 वर्षीय गृहस्वामी राजेंद्र सिंह पुत्र कमल सिंह की जान ले ली। आग इतनी तेजी से फैली कि वह बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए। बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 3 बजे की है। उस समय मृतक की पत्नी और तीनों बच्चे पास के दूसरे मकान में सो रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई।

ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरे मकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम नितेश डांगर, थाना अध्यक्ष ओम प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राजस्व पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। अपर उप निरीक्षक अनंत राम राणा ने पंचायतनामा भरने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर डॉ. मंजीत सिंह द्वारा मौके पर ही पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
एसडीएम के साथ तहसीलदार चंद्र सिंह, ललित जोशी, जगदीश राम, कुंदन मेहता और कानूनगो मनोज सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से बर्तन, कपड़े और ₹5000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से अतिरिक्त सहायता के लिए संस्तुति भी की गई है।

वहीं भाजपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। थाना अध्यक्ष के अनुसार मामले की जांच अपर उप निरीक्षक अनंत राम राणा को सौंपी गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। स्थानीय श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
