ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को तरासने के लिए हर स्तर पर किए जाएं प्रयास, प्रत्येक गांव से निकले खेल प्रतिभाएं – केएन गोस्वामी।
चंपावत। मुख्यमंत्री चैम्पियन ट्रॉफी ‘खेल महाकुंभ-2026-27’ को सफल और व्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में खेल महाकुंभ की तैयारियों का विस्तृत खाका तैयार किया गया। बैठक में खिलाड़ियों की सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक खेल स्थल पर फर्स्ट एड टीम और एम्बुलेंस की अनिवार्य व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस विभाग को प्रतियोगिताओं के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर पालिका को खेल मैदानों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और जल संस्थान को टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी जसवंत खड़ायत ने बताया कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं और दिव्यांगजनों को खेलों से जोड़ना, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाना और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित होंगी। पहला चरण 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर होगा, जिसमें अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ी कबड्डी, खो-खो, मुर्गा झपट और एथलेटिक्स में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
दूसरे चरण में 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर ‘विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ आयोजित होगी, जिसमें न्याय पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और पिट्टू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। तीसरे और अंतिम चरण में 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर ‘सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें मलखम्ब, रस्साकशी और गोली जैसे पारंपरिक खेल भी शामिल किए गए हैं। महिला खिलाड़ियों को भी इस बार विशेष अवसर दिया गया है। 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए सीधे राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें कबड्डी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, जूडो, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, हॉकी, योगासन, लॉन टेनिस और बेसबॉल जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी।
दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी सीधे राज्य स्तर पर एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का समान अवसर मिल सके। जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष खेल महाकुंभ में बेसबॉल और लॉन टेनिस को पहली बार शामिल किया गया है। जनपद चम्पावत की 24 न्याय पंचायतों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, डीपीआरओ महेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलबीर सिंह, जिला क्रीड़ा समन्वयक प्रदीप बोरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी खंड विकास अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_एडीएम केएन गोस्वामी।
चंपावत: मुख्यमंत्री चैम्पियन ट्रॉफी खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियां तेज, 24 न्याय पंचायतों में खेल प्रतिभाओं का होगा महासंग्राम।
