चंपावत: मुख्यमंत्री धामी के दौरे से पहले जागा विभाग, रातों-रात चमकाई गई सड़क।

Share This Post

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनपद आगमन से ठीक एक दिन पहले प्रशासन और विभागीय अमला अचानक सक्रिय नजर आया। जिन सड़कों की हालत लंबे समय से खस्ता बनी हुई थी, उन पर रातों-रात मरम्मत और पैचवर्क का काम शुरू कर दिया गया।
  जिन मार्गों पर पिछले कई महीनों से गड्ढे, जलभराव और आवागमन में भारी दिक्कतें बनी हुई थीं, वहीं अब अचानक तेजी से कार्य कर उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। स्थानीय लोगों को इन खराब सड़कों के कारण रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन उनकी शिकायतों पर पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है कि आखिर विभाग अब तक क्यों सोया रहा और मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले ही काम क्यों शुरू किया गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर पहले ही सड़कों की मरम्मत कर दी जाती तो आमजन को इतनी परेशानियां नहीं झेलनी पड़तीं।
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह सुधार सिर्फ वीआईपी दौरे तक ही सीमित रहेगा या फिर आगे भी इसी तरह जनसमस्याओं पर तत्परता दिखाई जाएगी।

फोटो_ सड़क पर डेंटिंग पेंटिंग का काम तेजी से चलता हुआ।


Share This Post