छात्रों के साथ माता-पिता और गुरुजनों को भी मिलेगा सम्मान
उद्यमी नरेंद्र सिंह लड़वाल पिछले एक दशक से जगा रहे शिक्षा की अलख।
चंपावत। नगर के जीजीआईसी रोड स्थित प्रतिष्ठित लड़वाल स्टेडियम में आज जिले की मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। ग्रामीण पृष्ठभूमि से संघर्ष कर सफलता के शिखर तक पहुंचे उत्तराखंड के प्रमुख उद्यमी नरेंद्र सिंह लड़वाल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पिछले एक दशक से शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रेरणादायी मंच बना हुआ है।
इस समारोह की खास बात यह है कि केवल छात्र-छात्राओं को ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता और जीवन को दिशा देने वाले शिक्षकों को भी एक साथ सम्मानित किया जाएगा।
उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में जिला टॉपर को ₹51 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त छात्र को ₹31 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त छात्र को ₹21 हजार का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं हाईस्कूल टॉपर को ₹31 हजार, दूसरे स्थान पर ₹21 हजार तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले छात्र-छात्रा को ₹11 हजार की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा राज्य मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले छात्र-छात्राओं सहित जिले के विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेज और हाईस्कूलों के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा।
लंबे समय से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम का सकारात्मक प्रभाव जिले की शिक्षा व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं में प्रतिस्पर्धा और आगे बढ़ने की प्रेरणा बढ़ी है, वहीं शिक्षकों में भी बेहतर परिणाम देने की स्वस्थ होड़ देखने को मिल रही है।
समारोह में मेधावियों, अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों के सम्मान में विशेष भोज का भी आयोजन किया गया है।
फोटो_ उत्तराखंड के प्रमुख उद्यमी नरेंद्र सिंह लड़वाल।
चंपावत: लड़वाल स्टेट में कल सजेगा प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावियों पर बरसेगा लाखों का पुरस्कार।

