खेल के साथ आत्मरक्षा का संदेश, डीएम ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह हर वर्ग को मिला मंच।
लोहाघाट। युवाओं में खेल भावना को नई दिशा देने और मार्शल आर्ट्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को लोहाघाट के युवा भवन में जिला कराटे चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
जनपद के अलग-अलग विकासखंडों और दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग करते हुए प्रतियोगिता को उत्साह और जोश से भर दिया। प्रतियोगिता को सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्गों में आयोजित किया गया, जिससे हर आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
इस मौके पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता को विकसित करते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से कराटे जैसी विधाओं को आत्मरक्षा के साथ मानसिक मजबूती और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाने वाला बताया और खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, कराटे कोच दीपक सिंह अधिकारी सहित आयोजक मंडल, अभिभावक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
फोटो – लोहाघाट युवा भवन में जिला कराटे चैंपियनशिप का शुभारंभ करते जिलाधिकारी मनीष कुमार, साथ में मौजूद जनप्रतिनिधि व उत्साहित खिलाड़ी।
चंपावत: लोहाघाट में कराटे चैंपियनशिप का धमाकेदार आगाज़, युवाओं ने दिखाया दमखम।

