

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा पर कार्रवाई तेज, चौमेल-पुलहिंडोला में मिनी स्टेडियम और मूलाकोट, पाटी व ईजडा में बनेंगे खेल मैदान
चंपावत। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल शुरू हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत क्षेत्र में दो मिनी स्टेडियम और तीन खेल मैदानों के निर्माण का रास्ता आगे बढ़ा है। इन पांचों कार्यों के लिए जनपद स्तरीय तकनीकी सलाहकार समिति ने 185.03 लाख रुपये (करीब 1.85 करोड़) की धनराशि को औचित्यपूर्ण पाया है।
चौमेल और पुलहिंडोला में मिनी स्टेडियम बनाए जाने प्रस्तावित हैं, जबकि मूलाकोट, पाटी और ईजडा में खेल मैदानों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 288/2026 के तहत प्रस्तावित इन कार्यों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के विभागीय बजट में धनराशि का प्रावधान नहीं होने के चलते घोषणा मद से बजट स्वीकृत कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए पत्रावली घोषणा अनुभाग को भेजी जा रही है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ेंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप खेल सुविधाओं का विस्तार होने से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर अभ्यास के बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल मैदान युवाओं को शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा देंगे।
फोटो_मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।




