

सात दिन चलेगी भर्ती प्रक्रिया, चंपावत-पिथौरागढ़ के युवाओं को मिलेगा सेना में शामिल होने का मौका।
चंपावत। सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना संजोए चंपावत और पिथौरागढ़ के 4492 युवाओं के लिए बड़ी परीक्षा की घड़ी नजदीक आ गई है। बनबसा के मिलिट्री स्टेडियम में 23 से 29 नवंबर तक सेना भर्ती रैली आयोजित होगी। भर्ती की तैयारियों में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि भर्ती रैली में शामिल होने वाले युवाओं को बिजली, पानी, भोजन, ठहरने, परिवहन और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सेना के अधिकारियों से बेहतर समन्वय बनाकर धर्मशालाओं में ठहरने की व्यवस्था, एंबुलेंस और चिकित्सा टीम की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साफ-सफाई और शौचालयों की व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया।
23 नवंबर को 834, 24 नवंबर को 949 और 25 नवंबर को 990 अभ्यर्थी पिथौरागढ़ जिले से भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। 26 नवंबर को चंपावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसील के 988 तथा 27 नवंबर को लोहाघाट-बाराकोट और तकनीकी व ट्रेड्समैन श्रेणी के 731 अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 28 और 29 नवंबर को मेडिकल व दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
बैठक में एसपी रेखा यादव, कर्नल अमोल डाबड़गावो सहित सेना और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_ सेना भर्ती रैली की तैयारियों की जानकारी देते जिलाधिकारी मनीष कुमार।




