चंपावत: लोहाघाट में नाबालिक से छेड़छाड़ के बाद मारपीट, विरोध करने पर थप्पड़ जड़े और जान से मारने की धमकी।

Share This Post

मोबाइल नंबर मांगने पर मना करने पर भड़के मनचले, दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू।

चंपावत। लोहाघाट से एक बेहद चौंकाने और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां मनचलों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने सरेआम एक नाबालिक से छेड़छाड़ करने के बाद विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र में डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पिता की तहरीर में बताया गया है कि उनकी नाबालिक बेटी शाम करीब  छ: बजे अपने एक दोस्त के साथ जा रही थी। इसी दौरान रायकोट निवासी हिमांशु बिष्ट अपने एक साथी के साथ बाइक से उनका पीछा करने लगा। पहले उसने लड़की से मोबाइल नंबर मांगा, लेकिन नाबालिक द्वारा इंकार करने पर वह आक्रामक हो उठा।
आरोप है कि युवक ने नाबालिक का हाथ पकड़कर सरेआम उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और थप्पड़ जड़ दिए। इस हमले में पीड़िता की उंगलियों और अंगूठे में चोट आई, यहां तक कि खून भी बहने लगा। हैरानी की बात यह है कि मनचले ने वारदात के बाद भी उसे नहीं छोड़ा और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना जय दुर्गा टेंट हाउस के पास की बताई जा रही है।
घटना के बाद नाबालिक गहरे सदमे में है, जबकि परिवार में भारी आक्रोश है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच महिला पुलिसकर्मी  को सौंपी गई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Share This Post