चंपावत: लोहाघाट से गोदियाल का धामी सरकार पर बड़ा हमला “भू-माफिया चला रही सरकार।

Share This Post

परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में भाजपा पर बरसे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, शिक्षकों से टीईटी कराने के फैसले को बताया अन्याय।

चार दर्जन से अधिक जनप्रतिनिधि कांग्रेस में शामिल।

लोहाघाट। विधानसभा चुनाव 2027 के लिए उत्तराखंड कांग्रेस ने चंपावत जिले से अपना चुनावी अभियान और तेज कर दिया है। परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के तहत लोहाघाट पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा और धामी सरकार पर एक के बाद एक तीखे राजनीतिक हमले करते हुए सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया। रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, अग्निवीर योजना, पुरानी पेंशन, शिक्षा और खनन जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।
लोहाघाट पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के बीच गोदियाल का भव्य स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने उन्हें प्रतीक स्वरूप गदा भेंट की। गदा हाथ में लेते हुए गोदियाल ने कहा कि यह अन्याय, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है और कांग्रेस जनता की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी।
अपने संबोधन में गोदियाल ने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा का उद्देश्य प्रदेश की जनता के सामने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को बेनकाब करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि धामी सरकार महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आज भू-माफिया और खनन माफियाओं का बोलबाला है तथा सरकार उनके संरक्षण में काम कर रही है।
गोदियाल ने कहा कि जिस सरकार ने पुरानी पेंशन योजना समाप्त की, युवाओं पर अग्निवीर जैसी चार वर्ष की व्यवस्था थोपी और नियमित रोजगार के बजाय आउटसोर्सिंग को बढ़ावा दिया, उसे जनता जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना दोबारा लागू की जाएगी और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर युवाओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
शिक्षकों का मुद्दा उठाते हुए गोदियाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक पिछले 20 वर्षों से बच्चों को पढ़ा रहे हैं और जिनमें कई सेवानिवृत्ति के करीब हैं, उनसे अब टीईटी परीक्षा देने के लिए कहना सरकार की संवेदनहीनता और शिक्षा व्यवस्था के साथ अन्याय है। कांग्रेस ऐसे शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करेगी। सभा के दौरान कांग्रेस को राजनीतिक बढ़त भी मिली। चार दर्जन से अधिक ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। गोदियाल ने सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए दावा किया कि प्रदेश में बदलाव की लहर शुरू हो चुकी है। इस अवसर पर धारचूला विधायक हरीश धामी ने भी भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री निर्मला गहतोड़ी, पाटी ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भगीरथ भट्ट, विधायक प्रतिनिधि चांद बोहरा, शैलेन्द्र राय, भुवन चौबे, मनोज सामंत, डॉ. महेश ढेक सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल का सभा में नजर नहीं आना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा।


फोटो  –  परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में जनसभा करते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं उनके स्वागत में उमड़ा जनसैलाब।


Share This Post