

चंपावत। मेहनत, लगन और ज्ञान की साधना जब मुकाम तक पहुंचती है तो सफलता खुद एक नई पहचान बन जाती है। चंपावत के शिक्षा जगत से ऐसी ही बड़ी उपलब्धि सामने आई है। पूर्णागिरि कॉलेज ऑफ एजुकेशन, चंपावत में प्राध्यापक मनोज कुमार सकलानी ने पीएचडी की उपाधि हासिल कर बड़ी शैक्षिक सफलता अपने नाम की है। उनकी इस उपलब्धि ने परिवार के साथ ही पूरे शिक्षा जगत को गौरवान्वित किया है।
मनोज कुमार सकलानी ने “महर्षि पतंजलि के शिक्षा दर्शन का वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अध्ययन” विषय पर अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने डॉ. विवेक शर्मा के शोध निर्देशन में ग्लोबल विश्वविद्यालय, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से अपना शोध कार्य पूर्ण कर पीएचडी की प्रतिष्ठित उपाधि प्राप्त की।
प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था के बीच संबंधों पर आधारित उनका शोध कार्य विशेष महत्व रखता है। महर्षि पतंजलि के शिक्षा दर्शन को वर्तमान परिप्रेक्ष्य में शोध का विषय बनाकर मनोज सकलानी ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी गंभीर अकादमिक पहचान दर्ज कराई है।
पीएचडी की उपाधि प्राप्त होने की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर अध्ययन और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम बताते हुए बधाई दी।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन डॉ. केएसओ अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, डॉ. संतोष कुमार त्रिपाठी, डॉ. गिरीश पचौली,नीलम गड़कोटी, डॉ. जीसी जोशी, एडवोकेट श्याम सिंह कार्की सहित तमाम लोगों ने मनोज कुमार सकलानी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिक्षा की राह पर लगातार आगे बढ़ते हुए मनोज कुमार सकलानी ने पीएचडी की इस उपलब्धि के साथ चंपावत का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो कठिन मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल करने का सपना देखते हैं।
फोटो_पीएचडी की उपाधि हासिल कर चंपावत का मान बढ़ाने वाले प्राध्यापक मनोज कुमार सकलानी।





