

नियुक्ति में पारदर्शिता से लेकर सामाजिक सुरक्षा तक की समीक्षा, समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर।
चंपावत। सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और सेवा सुविधाओं को लेकर उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को नगर पालिका परिषद के सभागार में आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) संतोष गौरव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में कर्मचारियों की नियुक्ति, वेतन-भत्तों और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों के हितों की अनदेखी न करने के निर्देश दिए गए।
आयोग के उपाध्यक्ष ने खंड शिक्षा अधिकारी को आवश्यकतानुसार सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए शासनादेशों के अनुरूप कार्रवाई करने को कहा। वहीं जिला चिकित्सालय प्रशासन को अस्पताल में कार्यरत पर्यावरण मित्रों के देय वेतन और अनुमन्य भत्तों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज और स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक अधिकारों का संरक्षण सभी विभागों की जिम्मेदारी है।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चंपावत के विजन के अनुरूप नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने घर-घर कूड़ा संग्रहण, कूड़ा पृथक्करण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी दी।
बैठक में नगर पालिका के अधिकारी और संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो_सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और सुविधाओं को लेकर समीक्षा बैठक करते आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव।






