चंपावत: सड़कों की मरम्मत में तेजी, चार मार्गों पर डामरीकरण पूरा।

Share This Post

मुख्यमंत्री के निर्देश पर क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त करने की मुहिम तेज, डीएम मनीष कुमार कर रहे निगरानी।

चंपावत। जिले में क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए डामरीकरण और पैचवर्क का काम तेज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर चल रहे अभियान के तहत बलुटा-पासम, सिप्टी-अमकारिया, चमदेवल-नीडल और बंकू-सुल्ला-पासम मार्गों पर बिटुमिनस कंक्रीट बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इससे इन मार्गों पर आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), पीआईयू समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाएं सड़कों के सुधारीकरण में जुटी हैं। प्रमुख मार्गों के साथ ग्रामीण सड़कों की स्थिति सुधारने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को आवागमन में परेशानी न उठानी पड़े।

जिलाधिकारी मनीष कुमार सड़कों की स्थिति और निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि क्षतिग्रस्त सड़कों पर पैचवर्क और डामरीकरण का काम निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। बारिश से खराब हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने को कहा गया है।

प्रशासन का जोर सड़कों को सुरक्षित और गड्ढामुक्त बनाने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु करने पर है। अब देखना होगा कि अभियान के तहत अन्य क्षतिग्रस्त मार्गों को कितनी तेजी से राहत मिलती है।

फोटो_ सड़क सुधारीकरण अभियान के तहत मार्ग पर डामरीकरण कार्य करते कर्मचारी।


Share This Post