चंपावत: स्मार्ट सिटी की राह पर लोहाघाट, 30 जुलाई तक जनता से मांगे सुझाव।

Share This Post

मास्टर प्लान के तहत होगा नियोजित विकास, पर्यटन, ड्रेनेज, सड़क, पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस

लोहाघाट (चंपावत)। पर्यटन, साहसिक पर्यटन, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण लोहाघाट नगर को मास्टर प्लान के तहत स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार की मौजूदगी और नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा की अध्यक्षता में प्रबुद्ध नागरिकों, सभासदों और अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर के भविष्य के विकास की रूपरेखा पर विस्तार से मंथन किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि लोहाघाट प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर होने के साथ क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रवेश द्वार (बेस कैंप) है। यदि मास्टर प्लान के अनुसार वैज्ञानिक और नियोजित विकास किया गया तो आने वाले वर्षों में नगर की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मॉडल जिलों के प्रमुख नगरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से 30 जुलाई तक अपने सुझाव और आपत्तियां जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि मास्टर प्लान केवल वर्तमान नहीं, बल्कि अगले 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में भी नगर को योजनाबद्ध विकास का लाभ मिल सके।
मास्टर प्लान के कंसल्टेंट अहरात खान ने बताया कि योजना के तहत आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, चौड़ी सड़कें, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), नदी संरक्षण, पर्याप्त पार्किंग, सुरक्षित यातायात व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। साथ ही कालीगांव, पाटन-पाटनी, सुई और कोलीढेक जैसे आसपास के क्षेत्रों को भी योजना में शामिल किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि और बागवानी गतिविधियों पर इस योजना का कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
बैठक में सुभाष बगौली, निर्मल मेहरा, सतीश चंद्र पांडे, एडवोकेट नवीन मुरारी, ईओ सौरभ नेगी, ईओ कमल मेहता, नगर पालिका के सभी सभासद तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

फोटो_लोहाघाट को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए आयोजित बैठक में विकास योजनाओं पर चर्चा करते जिलाधिकारी मनीष कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधि।


Share This Post