

मुख्यमंत्री धामी की घोषणा धरातल पर उतरी, पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग पूरी; एक साल में तैयार करने का लक्ष्य।
चंपावत/टनकपुर। पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत बुधवार को टनकपुर में 14 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक मीडिया सेंटर एवं गेस्ट हाउस का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने बताया कि परियोजना को एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग का प्रयास है कि निर्माण कार्य तय समय से पहले पूरा कर लिया जाए।
मीडिया सेंटर भवन में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भूतल पर पार्किंग और दो कम्युनिटी हॉल बनाए जाएंगे। प्रथम तल पर पत्रकारों के बैठने के लिए आधुनिक मीडिया सेंटर होगा, जबकि ऊपरी दो मंजिलों पर वीआईपी गेस्ट हाउस बनाए जाएंगे। इनमें चार सुइट और दो सामान्य गेस्ट हाउस शामिल होंगे।
विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चंपावत आदर्श जनपद की परिकल्पना की ओर अग्रसर है। मीडिया सेंटर बनने से पत्रकारों को बेहतर कार्य सुविधाएं मिलेंगी और पूरे पर्वतीय क्षेत्र की खबरों के संकलन एवं प्रसारण में सहूलियत होगी।
मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार मीडिया को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। पत्रकारों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि मीडिया सेंटर बनने से प्रशासन, मीडिया और आम जनता के बीच संवाद एवं समन्वय और मजबूत होगा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, मनोज कालाकोटी, किरन देवी, मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर, कमलेश भट्ट, अपर जिला सूचना अधिकारी आशा गोस्वामी, जिला पत्रकार संगठन अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली सहित जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फोटो_टनकपुर में प्रस्तावित मीडिया सेंटर के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करते जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी।





