

डीएम मनीष कुमार ने अधिकारियों को दिए निर्देश, स्कूल-कॉलेज से लेकर गांवों तक युवाओं को किया जाएगा जागरूक
चंपावत। युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने और जनपद को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट टोबैको कंट्रोल सेल की समीक्षा बैठक हुई। इसमें आगामी 60 दिनों तक चलने वाले ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ को जनसहभागिता के साथ प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर युवाओं को जागरूक करने के लिए स्कूलों, महाविद्यालयों और ग्राम पंचायतों में विशेष कार्यक्रम चलाए जाएं। अभियान में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, व्यापार मंडलों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस और नेहरू युवा केंद्र सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने तथा तंबाकू निषेध कानून का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोटपा अधिनियम के तहत अब तक 54 चालान कर छह हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है। इस वर्ष जनपद की 50 ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने और तंबाकू विज्ञापन पर प्रतिबंध के प्रावधानों का पालन कराया जा रहा है।
अभियान के तहत 2 नवंबर को बीआरसी बाराकोट, 3 नवंबर को एएएम रायगांव, 4 नवंबर को राजकीय महाविद्यालय अमोड़ी, 5 नवंबर को राजकीय महाविद्यालय चंपावत और 6 नवंबर को आईटीआई चंपावत में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा 12 नवंबर को आईटीआई खेतीखान, 17 नवंबर को एमबीएस विद्या मंदिर फुलारागांव, 19 नवंबर को हैप्पी वैली स्कूल, 25 नवंबर को ग्राम मुड़ियानी और 27 नवंबर को जिला पुस्तकालय में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में प्रभारी सीडीओ अजय सिंह, एडीएम केएन गोस्वामी, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
फोटो_बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते जिलाधिकारी मनीष कुमार।



