चंपावत: दसवीं-बारहवीं के सभी विद्यार्थियों को मिलेंगे टैबलेट, सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने पर जोर।

Share This Post

डीबीटी से खातों में आएगी धनराशि, गांवों में शिक्षा का स्तर सुधारकर पलायन रोकने की तैयारी।

चंपावत। जिले के दसवीं और बारहवीं के सभी छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजी जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में इसकी जानकारी दी। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश भी दिए।

सीडीओ ने कहा कि ग्रामीण सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर इतना बेहतर बनाया जाए कि अभिभावकों का भरोसा बढ़े और वे बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों में भेजने के लिए मजबूर न हों। गांवों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होने से पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के स्वच्छ विद्यालय और बेहतर शिक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने प्रार्थना सभाओं को प्रेरणादायी बनाने और विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास मजबूत करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने क्षतिग्रस्त शौचालयों, रसोईघरों और चारदीवारी की मरम्मत के साथ पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। विद्यालयों में पुस्तकालय और खेल मैदान विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारियों को बेहतर कार्य कर रहे विद्यालयों के प्रयास अन्य स्कूलों में भी लागू कराने को कहा।

बैठक में डाइट प्राचार्य डीसी खेतवाल ने संस्थान की वार्षिक कार्ययोजना की जानकारी दी। इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी मानसिंह, डीएसडीओ दीपकीर्ति तिवारी, आरईएस के अधिशासी अभियंता सुनील दत्ताल और आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह।


Share This Post