चंपावत: चार साल की मेहनत लाई रंग, कमल सिंह भंडारी के बागान में लहलहाई किवी की फसल।

Share This Post

पत्रकारिता और समाजसेवा के साथ खेती-बागवानी में भी बनाई पहचान, डीएम मनीष कुमार ने थपथपाई पीठ

चंपावत। पत्रकारिता और समाजसेवा के साथ खेती-बागवानी में भी अपनी अलग पहचान बना रहे ढकना बडोला निवासी कमल सिंह भंडारी ने चार वर्षों की मेहनत के बाद किवी उत्पादन में सफलता हासिल की है। शनिवार को उन्होंने जिलाधिकारी मनीष कुमार से मुलाकात कर अपने बागान में उत्पादित किवी भेंट की। डीएम ने उनके प्रयासों और कृषि के प्रति समर्पण की सराहना की।

कमल सिंह का खेती-बागवानी से जुड़ाव बचपन से रहा है। माता-पिता के साथ कृषि कार्यों में हाथ बंटाते हुए उन्होंने खेती की बारीकियां सीखीं। पिछले चार वर्षों से किवी उत्पादन के लिए लगातार मेहनत कर रहे कमल को उद्यान विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग से इस वर्ष अच्छी पैदावार मिली है।

कमल सिंह खेती के साथ पत्रकारिता, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा में भी सक्रिय हैं। वे ग्रामीणों और जरूरतमंदों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने के साथ लोगों को कृषि-बागवानी के लिए प्रेरित करते हैं। उनके अनुसार गांव के करीब 20 से 22 परिवार खेती से अपनी आजीविका चला रहे हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेती-बागवानी के क्षेत्र में ऐसे प्रयास स्थानीय आजीविका को मजबूत करने के साथ अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। कमल सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिलाधिकारी मनीष कुमार और उद्यान विभाग के योगेश भट्ट का आभार जताते हुए भविष्य में किवी उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम जारी रखने की बात कही।

फोटो_डीएम मनीष कुमार को अपने बागान में उत्पादित किवी भेंट करते कमल सिंह भंडारी।


Share This Post