चंपावत: त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, 8 किलो खराब मिठाई नष्ट!

Share This Post

चंपावत में खाद्य सुरक्षा विभाग की मुख्य बाजार में कार्रवाई, मिठाइयों के पांच नमूने जांच के लिए भेजे।

चंपावत। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को चंपावत मुख्य बाजार में विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान करीब आठ किलो पुरानी और खराब मिठाई नष्ट कराई गई, जबकि पांच मिठाइयों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता के साथ किचन एरिया की साफ-सफाई और हाइजीन व्यवस्था भी जांची गई।

टीम ने मावा बर्फी, बेसन लड्डू, गुलाब जामुन, बाल मिठाई और पेड़ा के नमूने लिए। एक प्रतिष्ठान में पुरानी व खराब मिठाई मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया और संबंधित व्यवसायी को चेतावनी नोटिस जारी किया गया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने खाद्य कारोबारियों को बिना बिल सामग्री न खरीदने, कालातीत सामग्री का भंडारण या बिक्री न करने और प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने प्रतिष्ठानों में लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रदर्शित करने, रेट लिस्ट लगाने, पैक्ड खाद्य पदार्थों पर निर्माण व समाप्ति तिथि अंकित करने और कैश मेमो जारी करने के निर्देश भी दिए हैं। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान सहायक दिनेश फर्त्याल भी मौजूद रहे।

फोटो_चंपावत मुख्य बाजार में मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करती खाद्य सुरक्षा अधिकारी।


Share This Post