चंपावत: 57,265 नोटिसों की सुनवाई शत-प्रतिशत, 15 सितंबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची।

Share This Post

चंपावत। जनपद चंपावत में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 57,265 मतदाताओं से जुड़े नोटिसों की सुनवाई शत-प्रतिशत पूरी कर ली गई है। अब मतदाता सूची के अंतिम चरण की प्रक्रिया तेज हो गई है और 15 सितंबर 2026 को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 14 जुलाई को आलेख्य प्रकाशन के बाद 54-लोहाघाट और 55-चंपावत विधानसभा क्षेत्रों में विसंगति एवं नो मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में 27,565 और चंपावत विधानसभा क्षेत्र में 29,700, कुल 57,265 नोटिसों की सुनवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी कर ली गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ संपादित किया जा रहा है। पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित करने और अपात्र नामों पर नियमानुसार कार्रवाई को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि आलेख्य प्रकाशन के बाद प्राप्त प्रारूप-6, 7 एवं 8 के दावों और आपत्तियों का निस्तारण संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा 31 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 15 सितंबर को चंपावत जिले की अंतिम फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।


Share This Post