

85 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 6 दिव्यांग प्रमाण पत्र और 32 प्रमाण पत्र जारी; किसानों को मिले कृषि यंत्र किट।
देवीधुरा/चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन और जिलाधिकारी मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के तहत जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की कवायद लगातार जारी है। इसी क्रम में विकासखंड पाटी के प्रसिद्ध वराही मंदिर, देवीधुरा परिसर में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही कई सेवाओं का निस्तारण किया।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, कृषि, बाल विकास, उद्योग, पशुपालन, उद्यान, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, शिक्षा और ग्राम्य विकास समेत विभिन्न विभागों ने भागीदारी की। ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अलग-अलग विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर में 85 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। वहीं 6 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। राजस्व विभाग ने मौके पर ही 32 प्रमाण पत्र निर्गत किए। कृषि विभाग ने पात्र किसानों को 5 कृषि यंत्र किट वितरित कीं।
इसके अलावा ग्राम्य विकास विभाग ने 26 बीपीएल एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र बनाए, जबकि समाज कल्याण विभाग ने 6 पेंशन आवेदनों की प्रक्रिया पूरी की। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
नशा मुक्ति की दिलाई शपथ_
शिविर के दौरान उप जिलाधिकारी पाटी नीतू डांगर ने अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पांडे, जिला सेवायोजन अधिकारी आरके पंत, सहायक समाज कल्याण अधिकारी गणेश सिंह सहित क्षेत्रीय ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि और वराही मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_उप जिलाधिकारी नीतू डांगर अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाती हुईं।




