जल संरक्षण में चंपावत की बड़ी दावेदारी, राष्ट्रीय पुरस्कार के अंतिम पड़ाव पर पहुंचा जनपद।

Share This Post

कोलीढेक झील से अक्कल धारा तक केंद्रीय टीम ने परखे काम; भिंगराड़ा में चाल-खाल और चेकडैम का भी किया निरीक्षण

चंपावत। जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के दम पर चंपावत ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। सातवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2026 की दौड़ में जनपद अंतिम चरण तक पहुंच गया है। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की केंद्रीय टीम ने तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जल संरक्षण की परियोजनाओं की हकीकत परखी।

केंद्रीय टीम ने लोहाघाट की अक्कल धारा के पुनर्जीवन कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद कोलीढेक झील पहुंचकर सिंचाई विभाग के कार्यों का जायजा लिया। टीम ने पाटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बने रूफ वाटर हार्वेस्टिंग टैंक की गुणवत्ता और उपयोगिता भी परखी।

निरीक्षण का दायरा यहीं तक सीमित नहीं रहा। भिंगराड़ा वन रेंज में कैंपा और ग्रीन इंडिया मिशन के तहत किए गए कार्यों को भी देखा गया। यहां सघन पौधरोपण, चाल-खाल, गली प्लगिंग और चेकडैम के जरिए पानी और मिट्टी के संरक्षण के प्रयासों का स्थलीय सत्यापन किया गया।
तीन दिन तक चले इस अभियान में केंद्रीय टीम ने

परियोजनाओं की गुणवत्ता, जल संरक्षण के नवाचारों और विभागीय समन्वय का आकलन किया। निरीक्षण के बाद टीम ने जनपद में किए गए प्रयासों और जिला सारा सेंटर की कार्यशैली की सराहना की।

राष्ट्रीय पुरस्कार के अंतिम चरण तक पहुंचना जनपद के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। अब केंद्रीय टीम के मूल्यांकन पर सबकी निगाहें टिकी हैं। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, खंड विकास अधिकारी रविंद्र रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए चंपावत के कार्यों का स्थलीय सत्यापन करती केंद्रीय टीम।


Share This Post