

अपराध गोष्ठी में रेखा यादव ने कसी पुलिस की नकेल, वर्दी में रील बनाने पर भी लगाई रोक।
चंपावत। अपराधियों पर नकेल कसने के साथ पुलिस महकमे में अनुशासन की कसौटी भी सख्त होने जा रही है। एसपी रेखा यादव ने जिले के थाना प्रभारियों को दो टूक निर्देश दिए हैं कि इनामी अपराधियों और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी में कोई ढिलाई न हो। नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। वहीं वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों को भी स्पष्ट चेतावनी दी गई है।
बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन में एसपी ने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने गैर जमानती और जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील के लिए विशेष टीमें गठित करने तथा इनामी अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में भी लापरवाही न बरतने को कहा।
नशे के कारोबार पर सख्त रुख अपनाते हुए एसपी ने स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारियों से अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नशे के अवैध नेटवर्क से जुड़े लोगों को चिह्नित करने को कहा। साइबर ठगी के मामलों में भी तत्काल मुकदमा दर्ज कर पीड़ितों को समयबद्ध सहायता देने की हिदायत दी।
वर्दी में सोशल मीडिया का शौक नहीं चलेगा।
पुलिसकर्मियों के अनुशासन पर एसपी ने विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिस मुख्यालय की एसओपी का हवाला देते हुए वर्दी में रील और वीडियो बनाने पर रोक का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज करने और ई-चालान बढ़ाने को कहा।
19 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान_
अपराध नियंत्रण और विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 19 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उपनिरीक्षक नवीन चंद्र भट्ट और कांस्टेबल आशीष कुमार को अक्टूबर माह का बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ चुना गया। इनके अलावा एसओजी, बनबसा थाना, यातायात, साइबर सेल, अभिसूचना इकाई और अग्निशमन विभाग सहित विभिन्न शाखाओं के 17 अन्य कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
एसपी ने सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत, पारिवारिक और विभागीय समस्याएं सुनकर उनके समाधान के निर्देश भी दिए। बैठक में सीओ देवेंद्र सिंह कप्रवाण, सीओ निहारिका सेमवाल, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी तनुजा वर्मा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
फोटो_ पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश देतीं एसपी रेखा यादव।




