

नामांकन सही पाए जाने पर निर्विरोध निर्वाचन तय।
लोहाघाट। स्वामी विवेकानंद राजकीय पीजी कॉलेज लोहाघाट में छात्रसंघ चुनाव को लेकर इस बार तस्वीर बदली नजर आ रही है। चुनावी सरगर्मी के बीच छात्रों ने आपसी सहमति का रास्ता अपनाते हुए 11 में से सात पदों पर प्रत्याशियों को लेकर सहमति बना ली है। इससे कॉलेज परिसर में चुनावी शोर काफी हद तक थम गया है।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, सांस्कृतिक सचिव और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर सहमति बनी है। नामांकन पत्रों की जांच में यदि सभी नामांकन सही पाए जाते हैं तो इन सात पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होना तय माना जा रहा है।
वहीं, छात्रसंघ के शेष चार पदों पर भी सहमति बनाने की कवायद जारी है। छात्रों का एक वर्ग पूरे चुनाव को निर्विरोध संपन्न कराने के प्रयास में जुटा है। छात्रों का कहना है कि चुनावी गतिविधियों में समय और ऊर्जा खर्च करने के बजाय विद्यार्थियों को पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए।
सहमति बनने के बाद कॉलेज परिसर में चुनावी माहौल फिलहाल शांत है। हालांकि शेष पदों को लेकर तस्वीर नामांकन जांच और आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही साफ होगी।
चुनाव प्रभारी डॉ. नवल किशोर लोहनी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्वक चल रही है। नामांकन पत्रों की जांच की जा रही है और चुनाव से संबंधित सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जा रही हैं।




