

पांच सोलर लाइटों से रोशन हुआ गांव, गुलदार को पकड़ने के लिए छह पिंजरे और 23 कैमरे लगाए
चंपावत। सूई गांव में गुलदार की दहशत के बीच ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और वन विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। रात के अंधेरे में ग्रामीणों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए गांव के प्रमुख स्थानों पर सीएसआर मद से पांच सोलर लाइटें लगाई गई हैं। वहीं, गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीमें रात-दिन गश्त कर रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों और जिलाधिकारी मनीष कुमार के प्रयासों से लगाई गईं सोलर लाइटों से गांव की रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था बेहतर हुई है। गुलदार प्रभावित क्षेत्र होने के कारण ग्रामीणों को रात में घरों से बाहर निकलने में खतरा बना हुआ है। ऐसे में गांव के प्रमुख स्थानों पर रोशनी होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने में भी मदद मिलेगी।

इधर, गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग का अभियान लगातार जारी है। प्रभागीय वनाधिकारी धिनू पुरुषोत्तम ने बताया कि गुलदार को ट्रैंकुलाइज करने के लिए नैनीताल जू से वरिष्ठ पशु चिकित्सक हिमांशु पांगती को बुलाया गया है। वह क्षेत्र में रहकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। वन विभाग की टीमें भी दिन-रात गश्त कर गुलदार की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
गुलदार की निगरानी और उसे पकड़ने के लिए क्षेत्र में छह पिंजरे, 20 ट्रैप कैमरे और तीन लाइव कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों को गुलदार से बचाव और सतर्कता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वन विभाग ने लोगों से रात के समय अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलने और अकेले आवाजाही से बचने की अपील की है।
फोटो_ सूई गांव में गुलदार की तलाश में रात्रि गश्त करते वन अधिकारी व वनकर्मी। गांव में स्थापित की गई सोलर लाइट।



