

झनकईया, मेलाघाट और कालापुल में बनेंगे घाट, मंदिरों का होगा सौंदर्यीकरण; मेले में सिंघाड़े और जलेबी का लिया स्वाद
खटीमा। भारत-नेपाल सीमा पर शारदा नदी के तट पर आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेले से जुड़ी बचपन की यादें साझा कीं और शारदा कॉरिडोर के माध्यम से क्षेत्र के धार्मिक स्थलों के विकास की महत्वपूर्ण घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा, गंगा स्नान और गुरु पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला भारत-नेपाल की सांस्कृतिक एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मेल-मिलाप का भी बड़ा केंद्र है। यहां पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं और पूरनपुर समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक मेले स्थानीय व्यापारियों, शिल्पकारों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और कारोबार बढ़ाने का अवसर देते हैं। मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री का पुराना अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने मेले में सिंघाड़े और जलेबी की खरीदारी कर उनका स्वाद लिया। धामी ने कहा कि वह बचपन से इस मेले में आते रहे हैं। मेले से उनकी अनेक यादें जुड़ी हैं और यहां के लोगों तथा व्यापारियों से उनका पुराना भावनात्मक रिश्ता है।
मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया, मेलाघाट और कालापुल में घाटों के निर्माण तथा वन शक्ति मंदिर समेत आसपास के धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन महत्व को नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और रोजगार के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा और लोगों से मेले में उत्साहपूर्वक भागीदारी करने की अपील की।
फोटो_झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।



