बारिश का अलर्ट! चंपावत में कल स्कूल-आंगनबाड़ी रहेगे बंद।

Share This Post

भारी बारिश के अंदेशे पर प्रशासन का फैसला, ऑनलाइन होगी पढ़ाई।

चंपावत। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के भारी वर्षा के पूर्वानुमान के बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 5 सितंबर को जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

मौसम विभाग ने 5 सितंबर को जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से जोखिम की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में बच्चों की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया।
आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत जारी आदेश में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों को शामिल किया गया है। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी शनिवार को बंद रहेंगे।

हालांकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है।


Share This Post