

राधा-कृष्ण सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने बिखेरा आकर्षण, अतिथियों ने संस्कार और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक।
चंपावत। सरस्वती शिशु मंदिर दूध पोखरा में राधा-कृष्ण सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और धार्मिक वातावरण के बीच किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चे कन्हैया और राधा रानी के मनमोहक रूप में सजे नजर आए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को कृष्णमय कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. बबीता वर्मा, दंत चिकित्सक, विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेश गिरी और विद्यालय अध्यक्ष दिनेश चंद्र जोशी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद राधा-कृष्ण सज्जा प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसमें नन्हे बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
मुख्य अतिथि डॉ. बबीता वर्मा ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि विद्यार्थियों को विद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित रूप से अपनी सेहत का ध्यान रखने के लिए भी प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि नरेश गिरी ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर में इस तरह के संस्कारयुक्त कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय अध्यक्ष दिनेश चंद्र जोशी ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन शालिनी जोशी ने किया। इस दौरान बबीता जोशी, संगीता, सीमा भट्ट, श्याम राम, कैलाश चंद्र जोशी समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे। प्रधानाचार्य गिरीश चंद्र जोशी ने कार्यक्रम में सहयोग के लिए सभी अभिभावकों और अतिथियों का आभार जताया।
फोटो_सरस्वती शिशु मंदिर दूध पोखरा में राधा-कृष्ण सज्जा प्रतियोगिता के दौरान राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चे और मौजूद अतिथिगण।




