

तीन दिवसीय निःशुल्क शिविर में नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी समेत कई विशेषज्ञ सेवाएं उपलब
चंपावत। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल चंपावत में शुक्रवार से तीन दिवसीय निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर शुरू हुआ। अपोलो हॉस्पिटल नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम 18 से 20 सितंबर तक मरीजों की जांच कर उन्हें विशेषज्ञ परामर्श दे रही है। शिविर का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने फीता काटकर किया।
शिविर के पहले ही दिन बड़ी संख्या में मरीज जिला अस्पताल पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जनरल फिजिशियन, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक और कार्डियोलॉजी सहित विभिन्न चिकित्सा सेवाओं के तहत मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार और आगे की चिकित्सा के संबंध में परामर्श दिया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने शिविर में पंजीकरण, जांच और परामर्श की व्यवस्थाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने लोगों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। अपोलो हॉस्पिटल के मैनेजर विनोद सिंह नेगी ने बताया कि तीनों दिन विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा।
शिविर को पर्वतीय क्षेत्र में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, सभासद रोहित बिष्ट, सभासद प्रतिनिधि सूरज प्रहरी समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
फोटो_ अपोलो हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम मरीजों की जांच और परामर्श देते हुए।




