कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन, चंपावत-लोहाघाट में गूंजा भारत माता का जयघोष।

Share This Post

वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों का सम्मान, गौरव स्थल से निकला मार्च पास्ट; स्कूली प्रतियोगिताओं के विजेता भी हुए पुरस्कृत।

लोहाघाट/चंपावत। 27वें कारगिल विजय दिवस पर रविवार को चंपावत और लोहाघाट में शहीदों की वीरता और बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस को नमन किया गया। इस दौरान वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से समारोह स्थल देशभक्ति के रंग में सराबोर रहे।
चंपावत में जिला प्रशासन एवं जिला स्तरीय शौर्य दिवस समारोह समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पुलिस की टुकड़ी ने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, 93 वर्षीय पूर्व सैनिक जयदत्त चिलकोटी का विशेष सम्मान किया गया। कारगिल युद्ध के प्रत्यक्षदर्शियों ने युद्ध से जुड़ी यादें साझा कर शहीदों के शौर्य को याद किया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह के संयोजन में हुए कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, ऑफिसर कमांडिंग कर्नल रवि ढिल्लन, मुख्य शिक्षा अधिकारी समेत अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक और नागरिक मौजूद रहे। संचालन राजेंद्र गहतोड़ी ने किया।



लोहाघाट में जिला पूर्व सैनिक लीग के तत्वावधान में आयोजित समारोह में एसडीएम नितेश डांगर ने गौरव स्थल का उद्घाटन किया। उन्होंने अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। ध्वजारोहण के बाद कैप्टन केएन पुनेठा के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने गौरव स्थल से वीर कालू सिंह महार चौक तक मार्च पास्ट निकाला। विवेकानंद विद्या मंदिर के छात्र भी बैंड की धुन पर पूर्व सैनिकों के साथ मार्च पास्ट में शामिल हुए।
सैनिक विश्रामगृह में आयोजित समारोह की अध्यक्षता जिला पूर्व सैनिक लीग अध्यक्ष कैप्टन आरएस देव ने की। पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध की स्मृतियां साझा कीं। सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद बोरा ने वीरांगनाओं को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के समापन पर पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और स्कूली बच्चों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। इस मौके पर परियोजना निदेशक अजय सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

बॉक्स_

प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाई देशभक्ति की झलक

चंपावत। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित अंतर विद्यालय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में रेनू जोशी प्रथम, संजय भट्ट द्वितीय और तनुजा बिष्ट तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग में प्राची बिष्ट और माही रावत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में गौरव बोहरा ने प्रथम, सोनाक्षी ने द्वितीय और दीक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में माही रावत और पारुल ने शानदार प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को समारोह में सम्मानित किया गया।


Share This Post